Saturday, July 12, 2008

विवाह का विकृत स्वरूप

विवाह का विकृत स्वरूप

आधुनिकता के परिवेश में भारतीय सांस्कृतिक परम्पराएं जिस द्रुत गति से भारत के शिक्षित व सभ्य कहलाने वाले समाज में विलुप्त होती जा रही हैं, वर्तमान में Marriage या Wedding के नाम से मुखरित होने वाले विवाह इसका सजीव उदाहरण हैं।

भारतीय धर्मशास्त्रों की परम्परा के अनुसार विवाह अथवा परिणय एक संस्कार है, जो कि मनुष्य जीवन की शतायु का द्वितीय पड़ाव अथवा गृहस्थ आश्रम है। ब्रह्मचर्य आश्रम में गुरुकुल में विद्याध्ययन के उपरान्त समावर्तन संस्कार द्वारा स्नातक होकर व्यक्ति गृहस्थाश्रम में प्रवेश के योग्य बनता है तथा विवाह संस्कार द्वारा गृहस्थाश्रम में प्रवेश करता है। विवाह में पाणिग्रहण संस्कार देवता और अग्नि के साक्षित्व में करने का विधान है। भारतीय संस्कृति में यह दाम्पत्य सम्बन्ध जन्म-जन्मान्तर, युग-युगान्तर तक का माना गया है। यह स्पष्ट है कि भारतीय विवाह एक संस्कार है तथा धर्मशास्त्रों में वर्णित सभी संस्कार मानव जीवन को श्रेष्ठता की ओर् ले जाने वाली क्रियाएं हैं। इसी हेतु पर गर्भाधान से अन्त्येष्टि पर्यन्त मनुस्मृति में वर्णित १६ संस्कार अपनी सार्थकता प्रमाणित करते हैं।

विवाह के प्रकार-
ब्राह्म विवाहः दोनो पक्ष की सहमति से समान वर्ग के सुयोग्य वर से कन्या का विवाह निश्‍चित कर देना `ब्राह्म विवाह' कहलाता है. सामान्यतः इस विवाह के बाद कन्या को आभूषणयुक्त करके विदा किया जाता है. आज का "Arranged Marriage" 'ब्रह्म विवाह' का ही रूप है।
दैव विवाहः किसी सेवा कार्य (विशेषतः धार्मिक अनुष्टान) के मूल्य के रूप अपनी कन्या को दान में दे देना 'दैव विवाह' कहलाता है।
आर्ष विवाह: कन्या-पक्ष वालों को कन्या का मूल्य दे कर (सामान्यतः गौदान करके) कन्या से विवाह कर लेना `आर्ष विवाह' कहलाता है।
प्रजापत्य विवाहः कन्या की सहमति के बिना उसका विवाह अभिजात्य वर्ग के वर से कर देना 'प्रजापत्य विवाह' कहलाता है।
गंधर्व विवाहः परिवार वालों की सहमति के बिना वर और कन्या का बिना किसी रीति-रिवाज के आपस में विवाह कर लेना 'गंधर्व विवाह' कहलाता है। दुष्यंत ने शकुन्तला से 'गंधर्व विवाह' किया था. उनके पुत्र भरत के नाम से ही हमारे देश का नाम "भारतवर्ष" बना।
असुर विवाहः कन्या को खरीद कर (आर्थिक रूप से) विवाह कर लेना 'असुर विवाह' कहलाता है।
राक्षस विवाहः कन्या की सहमति के बिना उसका अपहरण करके जबरदस्ती विवाह कर लेना 'राक्षस विवाह' सहलाता है।
पैशाच विवाहः कन्या की मदहोशी (गहन निद्रा, मानसिक दुर्बलता आदि) का लाभ उठा कर उससे शारीरिक सम्बंध बना लेना और उससे विवाह करना 'पैशाच विवाह' कहलाता है।

धर्मशास्त्रों में वर्णित ८ प्रकार के विवाहों में ब्राह्म विवाह सर्वश्रेष्ठ माना गया है व कलियुग में इसी विवाह पद्धति को अपनाने का निर्देश है। ब्राह्म विवाह में अग्नि व देवताओं की साक्षी में मन्त्रोच्चारण सहित पाणिग्रहण व सप्तपदी ही विवाह को पूर्णता प्रदान करते हैं। ब्राह्म विवाह में दहेज अथवा किसी प्रकार के भौतिक पदार्थों की सौदेबाजी का सर्वथा निषेध है। सम्पूर्ण भारत में विवाह की प्राय एक जैसी पद्धति भारत के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की द्योतक है। वर-वधु पक्ष की परस्पर सहमति के उपरान्त दोनों पक्षों की वचनबद्धता, वर पक्ष द्वारा वधु का श्रृंगार (गोद-भराई), विवाह की तिथि का निर्धारण।

वैवाहिक समारोह के रूप में वर-वधु दोनों पक्षों के स्थलों पर मण्डप निर्मिति तथा वधु पक्ष के मण्डप में विवाह-पणिग्रहण सम्पन्न होना। विवाह की समस्त प्रक्रिया में मांगलिक गीत-संगीत आदि से विवाह में उल्लास व उत्साह के संचार का प्रचलन अनादिकाल से ज्ञात है। अपने पुरातन इतिहास में बड़े वैवाहिक समारोहों का प्रचलन केवल राजाओं तक सीमित था, सामान्य प्रजा में नहीं। विवाह संस्कार में अनिवार्यता केवल अग्नि व देव साक्षी में पाणिग्रहण व सप्तपदी की है तथा विवाहोत्तर सम्बन्ध की नित्यता की अपेक्षा है।

भारतीय परम्परा में वैवाहिक सम्बन्धविच्छेद को मान्यता नहीं है, सम्भवत: यही कारण है कि भारतीय शब्दकोश में तलाक़ अथवा Divorce जैसे शब्द नहीं हैं।

विकृतियॉं- विवाह को Marriage अथवा Wedding का स्वरूप दे देने से आधुनिक भारतीय समाज में इसका सुसंस्कृतिक स्वरूप विलुप्त होता जा रहा है व संस्कार के स्थान पर भोंडी विकृतियां जन्म ले रही है जिससे परिवार व समाज में सद्भाव के स्थान पर दुर्भावना, स्वार्थपरकता के साथ-साथ वैवाहिक सम्बन्धों में तनाव व विच्छेद बढ़ रहे हैं, जो किसी भी दृष्टि से भारतीय सामाजिक तानेबाने के लिये स्वस्थ संकेत नहीं है। आधुनिकता के नाम पर नई परम्पराओं ने जन्म लिया है। अंग्रेजी के मोह में वैवाहिक समारोहों का स्वरूप परिवर्तित हो रहा है। नये नामों Engagement, Ring-ceremony, Ladies Sangeet के अन्तर्गत समारोहों का स्वरूप भी बदल गया है। Ring-ceremony लगभग तीन दशकों से प्रारम्भ हुई परम्परा है जो कि सम्भवत: ईसाई विवाह समारोहों की नकल के रूप में अपनाई गई लगती है, क्योंकि भारतीय परम्परा में इसके प्रचलन का उल्लेख नहीं है। स्वयं को आधुनिक दिखाने के लोभ से इस परम्परा का विकास हुआ प्रतीत होता है, किन्तु इसके कारण अपनी मूल परम्परा (गोद-भराई) का लोप हो गया है तथा इस कारण गोद-भराई के समय वर पक्ष की महिलाओं का भविष्य की वधु के प्रति नैसर्गिक स्नेह का स्थान अपनी सम्पन्नता के प्रदर्शन ने ले लिया है। होने वाले वर वधु के समीप होने से वर पक्ष की महिलाओं की व होने वाली वधु की परस्पर आत्मीयता का वह स्वरूप नहीं बन पाता जो गोद भराई के समय अपेक्षित होती है। सामान्यतया Ring-ceremony वधु पक्ष के घर न होकर किसी सार्वजनिक स्थान पर होने से भी दोनो घरों में आत्मीयता के उद्भव का ह्रास ही रहता है।

भारतीय परम्परा में विवाह एक मांगलिक कार्य होने से विवाह को उत्सव का रूप दिया गया व उस उत्सव में दोनों परिवारों के सदस्यों द्वारा मांगलिक गीत संगीत के कायक्रम की प्रथा प्राचीन काल से विद्यमान रही है किन्तु वर्तमान में Ladies Sangeet फ़िल्मी गीतों की धुन पर फिल्मी नायिकाओं की भांति नृत्य का कार्यक्रम होकर हर गया गया है, जिसमें मांगलिकता का सर्वथा अभाव ही रहता है ।

वैवाहिक समारोह में बारात के स्वागतार्थ खड़े वधु पक्ष की महिलाओं व कन्याओं द्वारा स्वागतद्वार पर एक् स्फ़ीत लगा कर बारात के आगमन में बाधा उपस्थित करना तथा वर द्वारा द्वारा उस स्फ़ीत को कटवाना न केवल अमांगलिक है, अपितु अस्वाभाविक भी। स्वागत करते हुए किसी का मार्ग अवरुद्ध करना कहां की समझदारी है?, किन्तु तो भी परिवारों के वरिष्ठजन भी इस विकृति को रोकने का प्रयास नहीं करते, यह वास्तव में चिन्ताजनक है। इसी प्रकार वरमाला के समय वर व वधु पक्ष के लोगों द्वारा ठिठोली के लिये वर व वधु को गोद में उठाकर उसमें बाधा उपस्थित करना अमांगलिक व अशोभनीय है तथा इसके लिये भी वरिष्ठ जन ही अपराधी हैं जो इसे रोकने का प्रयास तक नहीं करते।

विवाह के समय होने वाले यज्ञ के प्रति अश्रद्धा प्रदर्शित करते हुए पुरोहित के कार्य में बाधा उपस्थित करना व पुरोहित को शीघ्रतापूर्वक कार्य के सम्पादन का आग्रह भी अत्यन्त अवॉंछित तथा अशोभनीय अमांगलिक कृत्य हैं जो कि इस संस्कार की पावनता को नष्ट करते हैं।

मेरे अपने अनुभव में मेरे एक अत्यन्त निकट सम्बन्धी के वैवाहिक यज्ञ के समय यज्ञाग्नि प्रज्वल्लित हुई ही नहीं तथा मेरे बार बार कहने के अनन्तर भी सारा कार्य अप्रज्ज्वलित अग्नि के समक्ष ही सम्पन्न हो गया। मुझे खेद है यह विवाह विच्छेद में परिवर्तित हो रहा है।

एक और निकट सम्बन्धी के वैवाहिक समारोह में यज्ञ व सप्तपदी के स्थल पर मण्डप सज्जा नहीं की गई थी अपितु यह कार्य भवन की छत पर् खुले आकाश के नीचे सम्पन्न हुआ। यह विवाह भी विच्छेद की और बढ़ता प्रतीत हो रहा है। हम सभी हिदुओं का यह दायित्व है कि हम अपनी स्वस्थ परम्पराओं के प्रति संवेदनशील व उनके रक्षण के प्रति उत्तरदायी बनें ।

डॉ. जय प्रकाश गुप्त ।

chikitsak@rediffmail.com

+91-9315510425

No comments: